रूटीन हेल्थ

देश के 9 मेडिकल कॉलेजों में बढ़ीं एमबीबीएस की 621 सीटें, एनएमसी ने जारी की नई सीट मैट्रिक्स

Share this Article

  • तीन कॉलेजों को 100-100 अतिरिक्त सीटें, एक नए मेडिकल कॉलेज को मिली 150 सीटों की मंजूरी; सरकारी और निजी दोनों संस्थानों को मिला लाभ

नई दिल्ली। देश में मेडिकल शिक्षा का दायरा बढ़ाने की दिशा में नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने बड़ा फैसला लिया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए जारी यूजी (एमबीबीएस) सीट मैट्रिक्स में देश के केवल नौ मेडिकल कॉलेजों की सीटों में बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है। इन कॉलेजों में कुल 621 नई एमबीबीएस सीटें जोड़ी गई हैं। इनमें सरकारी और निजी दोनों संस्थान शामिल हैं। इसके अलावा एक नए मेडिकल कॉलेज को पहली बार 150 एमबीबीएस सीटों की अनुमति दी गई है।

नई सीट मैट्रिक्स के अनुसार सबसे अधिक 100-100 सीटों की बढ़ोतरी पीएसपी मेडिकल कॉलेज, चेन्नई, पुदुचेरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और रायपुर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज को मिली है। वहीं, राजा राजेश्वरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (गर्ल्स), बेंगलुरु को नए संस्थान के रूप में सीधे 150 सीटों पर प्रवेश की अनुमति दी गई है।

सरकारी मेडिकल कॉलेजों को भी मिला बड़ा फायदा

इस बार सीट वृद्धि का लाभ कई सरकारी मेडिकल कॉलेजों को भी मिला है। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में 70 नई सीटें स्वीकृत की गई हैं, जिससे यहां एमबीबीएस सीटों की संख्या 180 से बढ़कर 250 हो गई है। इसी तरह पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, रायपुर को 20 अतिरिक्त सीटें और राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, आदिलाबाद को 30 नई सीटें मिली हैं। पंडित जवाहरलाल नेहरू सरकारी मेडिकल कॉलेज, चंबा में भी एक सीट की वृद्धि की गई है।

इन कॉलेजों में बढ़ें इतने MBBS सीटें

मेडिकल शिक्षा में बढ़ेंगे अवसर

एमबीबीएस सीटों में वृद्धि से हजारों विद्यार्थियों को अपने ही राज्य में मेडिकल शिक्षा का अवसर मिलेगा। अब तक सीमित सीटों के कारण बड़ी संख्या में छात्रों को दूसरे राज्यों या निजी मेडिकल कॉलेजों का रुख करना पड़ता था। विशेषज्ञों का मानना है कि सीटें बढ़ने से योग्य छात्रों को सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश मिलने की संभावना बढ़ेगी। साथ ही आने वाले वर्षों में देश को अधिक प्रशिक्षित डॉक्टर मिलेंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।

नए मेडिकल कॉलेज को पहली बार मिली मंजूरी

इस सूची की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि राजा राजेश्वरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (गर्ल्स), बेंगलुरु को नए मेडिकल कॉलेज के रूप में 150 एमबीबीएस सीटों की अनुमति दी गई है। यानी आगामी शैक्षणिक सत्र से यह संस्थान पहली बार मेडिकल छात्रों का प्रवेश करेगा।


Share this Article